करनाल सचिवालय पर भाकियू ने जताया रोष:BJP समर्थित सरपंच पर मुरब्बाबंदी में भ्रष्टाचार का आरोप; कार्रवाई की लगाई गुहार
करनाल
डीसी से मिलने जिला सचिवालय पहुंचे किसान।
करनाल के चौगामा गांव के लोगों ने भाकियू की अगुवाई में जिला सचिवालय पर पहुंच पटवारी, तहसीलदार समेत प्रशासन के खिलाफ रोष जाहिर किया। किसानों ने डीसी अनीश यादव से मिलकर भाजपा समर्थित सरपंच पर गलत तरीके से किसान की जमीन अपने नाम करवाने का आरोप लगाया।
किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने डीसी करनाल से न्याय की गुहार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था को ठीक नहीं हुई तो भाकियू आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। चढूनी ने इस संबंध में बताया कि गांव चौगामा में मुरब्बाबंदी चल रही है। गांव के भाजपा समर्थित सरपंच ने पटवारी और तहसीलदार से मिलीभगत कर चौगामा के किसान मनजीत लालर के प्लॉट में अपने आधे किले का डेढ़ किला करवा लिया।
चढूनी ने बताया कि सरपंच की जमीन ए क्लास में है और किसान मनजीत की बी क्लास की जमीन है। कानून कहता है जहां उसकी दूसरी जमीन है, उसके साथ आधा किला लगाओ। उसके 3 टुकड़े हैं तो उसे एक जगह कर दिया जाए। ऐसा न कर किसान मनजीत का प्लाट तोड़ दिया। फ्रंट वाली जमीन को सरपंच ने अपने नाम करवा लिया।
जानकारी देते हुए भाकियू नेता गुरनाम चढूनी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच राजनीतिक फायदा उठा रहा है। भाकियू ऐसे धक्केशाही का विरोध करती है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की, क्योंकि ऐसी कार्यप्रणाली से सरकार की भी बदनामी होती है। डीसी के संज्ञान में इस मामले को लाए हैं। यदि हल नहीं निकला तो उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा।
चढूनी ने कहा कि देशभर के संगठन को इकट्ठा करेंगे। चाहे वो कच्चे कर्मचारी हो, आंगनबाडी वर्कर, बेरोजगार या मंडी-बाजार वाले हों। सभी को इकट्ठा कर बड़ा आंदोलन करेंगे। देश बिक रहा है। इसे बचाएंगे।
किसान बोला- मेरी जमीन को अपने नाम करवाया
किसान मनजीत ने बताया कि उनके गांव में साल 1998-99 से चकबंदी चल रही है। सरकार और डीसी साहब के आदेश हैं कि पंचायत की जमीन और गौचरान जमीन का छुड़वाया जाए। हम भी इसके हक में हैं।
जानकारी देते हुए किसान मनजीत चौगामा।
जानकारी देते हुए किसान मनजीत चौगामा।
उन्होंने कहा कि गांव के कुछ लोगों ने राजनीतिक पहुंच से दबाव बनाकर बड़ी हेराफेरी की है। ए ब्लाॅक का 4 कनाल उठाकर बी ब्लॉक में ले जाया गया। मेरी जो जमीन है, उसकी पुरानी जकबंदी, रजिस्ट्री, जमाबंदी समेत सभी मेरी है। उसके 4 कनाल का सीधे 12 कनाल बना दिया गया।
अगर चकबंदी हो रही है, सरका-सरकाई करनी है तो पड़ोसियों को सरकाओ। डीसी साहब से इस बारे में गुहार लगाई है। यदि प्रशासन ने मेरी जमीन को ठीक नहीं की तो प्रशासन और चकबंदी टीम का विरोध करेंगे।